Home / Odisha / भारी मानसूनी बारिश के बीच ओडिशा में सभी शहरी निकाय हाई अलर्ट पर

भारी मानसूनी बारिश के बीच ओडिशा में सभी शहरी निकाय हाई अलर्ट पर

  •     वर्षा जनित आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे सतर्क एवं तैयार रहने को कहा गया

भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार हो रही भारी मानसूनी वर्षा तथा कई क्षेत्रों में शहरी बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, किसी भी वर्षा जनित आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे सतर्क एवं पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।

आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र ने बुधवार को सभी नगर निगमों, नगरपालिकाओं और अधिसूचित क्षेत्र परिषदों (एनएसी) को निर्देश दिया कि वे विशेष रूप से संवेदनशील और निचले इलाकों में भारी बारिश के प्रभाव को कम करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती एवं निवारक कदम तत्काल उठाएं।

मंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और शहरी सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी शहरी स्थानीय निकाय पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मंत्री के निर्देश के बाद आवास एवं शहरी विकास विभाग ने सभी यूएलबी को विस्तृत परामर्श (एडवाइजरी) जारी करते हुए शहरी बाढ़ और जलभराव की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने तथा आपदा प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने सभी यूएलबी को रैपिड एक्शन टीमों (आरएटी) को 24 घंटे तैनात रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। नगर निकायों के अधिकारियों, अभियंताओं तथा स्वच्छता कर्मियों को नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण करने तथा जलभराव, बंद नालियों, ओवरफ्लो हो रही सीवर लाइनों, गिरे हुए पेड़ों और अन्य नागरिक समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

एडवाइजरी में जल निकासी पंप, डी-वॉटरिंग उपकरण, मशीनरी तथा अन्य आपातकालीन संसाधनों को पूरी तरह कार्यशील रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है। साथ ही, बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहरी शिकायत हेल्पलाइन 1929 पूर्ण रूप से सक्रिय

मानसून के दौरान नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए राज्य की शहरी शिकायत हेल्पलाइन ‘शहर साथी (1929)’ को पूर्ण रूप से सक्रिय कर दिया गया है। नागरिक जलभराव, जल निकासी संबंधी समस्याओं तथा अन्य शहरी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें इस हेल्पलाइन पर दर्ज करा सकते हैं, जिनका संबंधित शहरी स्थानीय निकायों द्वारा तत्काल समाधान किया जाएगा।

मानसून की स्थिति पर लगातार नजर

आवास एवं शहरी विकास विभाग ने बताया कि वह पूरे राज्य में मानसून की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा शहरी स्थानीय निकायों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मानसून से उत्पन्न चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए शहरी नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और जनजीवन को सुचारु बनाए रखा जा सके।

डॉ महापात्र ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा और सुदृढ़ शहरी प्रबंधन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों से बेहतर पूर्व योजना, सक्रिय हस्तक्षेप और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि भारी वर्षा के प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …