Home / Odisha / अक्टूबर तक पूरी होगी एसआई भर्ती परीक्षा

अक्टूबर तक पूरी होगी एसआई भर्ती परीक्षा

  •     ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सेलेक्शन कमीशन अध्यक्ष

भुवनेश्वर। ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सेलेक्शन कमीशन इस वर्ष अक्टूबर तक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा पूरी कर लेगा। ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सेलेक्शन कमीशन के अध्यक्ष रश्मि रंजन स्वाईं ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि नई भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित होगी।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में स्वाईं ने कहा कि पिछली परीक्षा कथित प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद रद्द किए जाने के मद्देनज़र राज्य सरकार ने इस बार परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और निगरानी संबंधी प्रबंध किए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

उन्होंने बताया कि पिछली परीक्षा रद्द होने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सके सभी अभ्यर्थियों को दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, इस बीच अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को भी विशेष छूट प्रदान की जाएगी, ताकि भर्ती प्रक्रिया में हुई देरी से किसी उम्मीदवार का नुकसान न हो।

स्वैन ने स्पष्ट किया कि भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। परीक्षा का पैटर्न, पाठ्यक्रम और चयन प्रक्रिया भी पूर्ववत ही रहेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी अनियमितता के संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।”

गौरतलब है कि वर्ष 2025 के अंत में कथित प्रश्नपत्र लीक के आरोप सामने आने के बाद एसआई भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

अब ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सेलेक्शन कमीशन द्वारा अक्टूबर तक भर्ती परीक्षा पूरी करने का लक्ष्य तय किए जाने से लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। आयोग का कहना है कि इस बार परीक्षा को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ निगरानी तंत्र के बीच आयोजित किया जाएगा, ताकि इसकी पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …