-
रथखला पहुंचकर महारणाओं से की चर्चा, समय पर गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के दिए निर्देश
पुरी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को देवस्नान पूर्णिमा के अवसर पर पुरी दौरे के दौरान बड़दांड स्थित रथखला पहुंचकर भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रथ निर्माण में जुटे महाराणाओं (पारंपरिक शिल्पकारों) से मुलाकात कर निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने रथ निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर शिल्पकारों से चर्चा करते हुए कहा कि परंपरागत शिल्पकला की गरिमा को बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर रथ निर्माण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में लगे सभी कारीगरों को आवश्यक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्य सुचारु रूप से समय पर पूरा हो सके।
महाप्रभु से ओडिशा की सुख-समृद्धि की कामना की
देवस्नान पूर्णिमा के अवसर पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि उन्होंने महाप्रभु श्रीजगन्नाथ से राज्य में शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की कामना की है। उन्होंने कहा कि महाप्रभु का आशीर्वाद ओडिशा के प्रत्येक नागरिक पर बना रहे और राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।
उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथयात्रा का शुभारंभ 14 जुलाई से होगा, जबकि नौ दिवसीय इस महापर्व का समापन नीलाद्रि बीजे के साथ होगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
