-
लाखों श्रद्धालुओं ने किए महाप्रभु के दर्शन, ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से गूंजा श्रीक्षेत्र पुरी
पुरी। पवित्र देवस्नान पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को श्रीक्षेत्र पुरी आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत रंग में रंगा नजर आया। भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दिव्य स्नान दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे। सुबह से ही बड़दांड, श्रीमंदिर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
महाप्रभु के दर्शन की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु घंटों तक कतारों में खड़े रहे। पूरे बड़दांड पर “जय जगन्नाथ”, “हरि बोल” और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह, आस्था और आध्यात्मिक आनंद स्पष्ट दिखाई दे रहा था। स्नान मंडप पर भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के पवित्र स्नान अनुष्ठान के दर्शन कर भक्त स्वयं को धन्य महसूस करते नजर आए।
भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा श्रीक्षेत्र
देवस्नान पूर्णिमा के अवसर पर पूरा पुरी आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। मंदिर परिसर से लेकर बड़दांड तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए इस पावन अवसर को जीवन का सौभाग्य बताया।
रथयात्रा को लेकर बढ़ा उत्साह
देवस्नान पूर्णिमा के साथ ही अब विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह और अधिक बढ़ गया है। स्नान पूर्णिमा के बाद महाप्रभु अनसर अवधि में विराजमान रहेंगे और इसके उपरांत भव्य रथयात्रा के दौरान भक्तों को पुनः उनके दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। पूरे पुरी में रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालु इस ऐतिहासिक महापर्व का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पुरी नगर निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों में रहा अवकाश
देवस्नान पूर्णिमा के अवसर पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुरी जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को पुरी नगर निगम क्षेत्र के सभी विद्यालयों में अवकाश रहा। इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में आदेश जारी किया गया था।
आदेश के अनुसार, पुरी नगर निगम क्षेत्र के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी प्रबंधन वाले विद्यालय, शिशु वाटिका से कक्षा 12 तक सोमवार को बंद रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
