-
सात आरोपी गिरफ्तार
-
हथियार के बल पर लूटे थे सोने के आभूषण
-
नकदी और मोबाइल फोन, पुलिस ने बरामद किया देशी पिस्तौल
ब्रह्मपुर। गंजाम जिले की कविसूर्यनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोकुलपाली स्थित आइकन फार्म हाउस में हुई सशस्त्र डकैती की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
गंजाम के पुलिस अधीक्षक हरिश बिसी के निर्देश और पुरुषोत्तमपुर एसडीपीओ के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में कविसूर्यनगर और पोलसरा थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने जिन सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें रुद्रनारायण सेठी, शुभम राउत, जितेंद्र खटेई, दुतीकृष्ण नायक, मनोरंजन गौड़ा, संतोष महापात्र, राजीव कुमार दास शामिल हैं।
हथियार दिखाकर महिला को बांधा, फिर की लूटपाट
पुलिस के अनुसार, छह बदमाश गोकुलपाली गांव में रजनीकांत मिश्रा के फार्म हाउस में जबरन घुस गए। आरोपियों ने हथियार दिखाकर उनकी पत्नी को बंधक बना लिया और लगभग 150 ग्राम सोने के आभूषण, 12 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद कबीसूर्यनगर थाने में एफआईआर संख्या 407/26 दर्ज की गई। पुलिस की वैज्ञानिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
परिचितों ने रची थी डकैती की साजिश
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष महापात्र और मनोरंजन गौड़ा पहले से पीड़ित परिवार को जानते थे। दोनों ने ही इस डकैती की योजना बनाई और अन्य लोगों को इसमें शामिल किया।
विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने कंकना देवी मंदिर के निकट जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
लूटा गया सामान, नकदी और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटे गए चांदी के आभूषण, 12,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्तौल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र खटेई ने डकैती के दौरान हथियार का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर ही देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए।
दो आरोपी अब भी फरार
मामले में दो अन्य आरोपी हितेश स्वाईं और श्वेता खटेई अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
सभी सात गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की
गंजाम के पुलिस अधीक्षक हरीश बिसी ने इस सफल अभियान की पुष्टि करते हुए मामले के त्वरित और पेशेवर तरीके से खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
