-
रायगड़ा की घटना को बताया शर्मनाक और अमानवीय
-
महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
-
दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष एवं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रायगड़ा जिले के कल्याणसिंहपुर क्षेत्र में दिल्ली की एक छात्रा पर कथित भीड़ हमले की घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस घटना को न केवल शर्मनाक और अमानवीय बताया, बल्कि कहा कि इससे ओडिशा की छवि को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में नवीन पटनायक ने पीड़िता के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दिनदहाड़े एक युवती पर भीड़ द्वारा हमला किया जाना कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यह घटना महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के प्रति घटते सम्मान तथा बढ़ती अराजकता का चिंताजनक संकेत है।
ओडिशा के लोगों को झकझोर देने वाली घटना
नवीन पटनायक ने कहा कि कल्याणसिंहपुर में दिल्ली की छात्रा के साथ हुई यह भयावह घटना ओडिशा के लोगों को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है और लोगों के मन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार के आश्वासनों के बावजूद ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं। साथ ही पूछा कि क्या नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस और प्रशासन प्रभावी भूमिका निभाने में विफल हो रहे हैं।
सरकार की चुप्पी पर भी सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाओं पर सरकार की चुप्पी अपराधियों का मनोबल बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और हिंसा की घटनाओं के कारण ओडिशा को देश और विदेश में आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
नवीन पटनायक ने सरकार के विकास संबंधी दावों पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि किसी भी राज्य के लिए विकास जितना महत्वपूर्ण है, उतनी ही महत्वपूर्ण नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा भी है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग
बीजद अध्यक्ष ने राज्य सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था में लोगों का विश्वास बहाल करने और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
