Home / Odisha / पुस्तकों में त्रुटियां अस्वीकार्य, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : एबीवीपी

पुस्तकों में त्रुटियां अस्वीकार्य, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : एबीवीपी

  •     त्रुटियां ओड़िया अस्मिता और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर आघात – दीप्तिमयी प्रतिहारी

भुवनेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने राज्य में कक्षा 1 से 8 तक की नई पाठ्यपुस्तकों में पाई गई त्रुटियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे ओड़िया अस्मिता और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर आघात बताया है। संगठन ने मांग की है कि इस मामले के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा त्रुटिरहित पुस्तकों को पुनः प्रकाशित कर छात्रों तक पहुंचाया जाए।

एबीवीपी के राज्य सचिव सुश्री दीप्तिमयी प्रतिहारी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के आधार पर तैयार किए गए नए पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक की पाठ्यपुस्तकों में बदलाव किया गया है, जिन्हें 2026-27 शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाना है। हालांकि, इन पुस्तकों में बड़ी संख्या में तथ्यात्मक, भाषाई और मुद्रण संबंधी त्रुटियां सामने आई हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा निदेशालय और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की देखरेख में अनुभवी शिक्षकों और शिक्षाविदों द्वारा इन पुस्तकों का निर्माण किया गया था। इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में गलतियों का पाया जाना संबंधित अधिकारियों और विशेषज्ञों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

एबीवीपी ने आरोप लगाया कि पुस्तकों के तैयार होने के बाद उनकी समुचित समीक्षा नहीं की गई और त्रुटियों को सुधारे बिना ही उनका बड़े पैमाने पर मुद्रण एवं वितरण कर दिया गया। संगठन का कहना है कि यह लापरवाही विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।

संगठन ने राज्य सरकार और स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग से मांग की है कि पाठ्यपुस्तकों में मौजूद सभी त्रुटियों को तत्काल सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, त्रुटिरहित और संशोधित पाठ्यपुस्तकों को पुनः प्रकाशित कर वर्तमान शैक्षणिक सत्र से ही छात्रों के बीच वितरित किया जाए।

एबीवीपी ने चेतावनी दी कि शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषियों को दंडित कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस पत्रकार सम्मेलन में परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विश्वजीत पात्र, प्रदेश सह मंत्री राजकुमार व अन्य उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …