Home / Odisha / स्कूली पाठ्यपुस्तकों की त्रुटियों की जांच के लिए कमेटी गठित
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

स्कूली पाठ्यपुस्तकों की त्रुटियों की जांच के लिए कमेटी गठित

  •     सदस्यों के नामों की घोषणा

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने कक्षा 1 से 8 तक की स्कूली पाठ्यपुस्तकों में पाई गई व्यापक मुद्रण और सामग्री संबंधी त्रुटियों की जांच के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति के सदस्यों की घोषणा कर दी है।

विकास आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव देवरंजन कुमार सिंह को तीन सदस्यीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के सचिव विजय केतन उपाध्याय तथा सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव स्मिता पाणि शामिल हैं।

यह समिति मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर गठित की गई है। हाल के दिनों में राज्यभर में वितरित पाठ्यपुस्तकों में अनेक त्रुटियों और मुद्रण संबंधी खामियों को लेकर व्यापक चिंता व्यक्त की जा रही थी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, समिति को मामले की विस्तृत जांच कर यह पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि त्रुटियां किस स्तर पर हुईं और इसके लिए कौन-कौन से अधिकारी, एजेंसियां या संबंधित संस्थाएं जिम्मेदार हैं। समिति को अपनी जांच रिपोर्ट और अनुशंसाएं सात दिनों के भीतर सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को आयोजित एक समीक्षा बैठक में पाठ्यपुस्तकों में हुई गड़बड़ियों पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि इन त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने मामले में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश देते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और भविष्य में त्रुटिरहित शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …