-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जारी किया कार्यक्रम
-
2027 से और भव्य स्वरूप देने की घोषणा
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को तीसरे भुवनेश्वर फिल्म फेस्टिवल 2026 के कार्यक्रम का आधिकारिक अनावरण किया। चार दिवसीय यह बहुप्रतीक्षित फिल्म महोत्सव 25 से 28 जून 2026 तक राजधानी के प्रतिष्ठित जयदेव भवन में आयोजित होगा, जहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक दर्शक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट फिल्मों का आनंद ले सकेंगे।
इस वर्ष के महोत्सव में ओड़िया, कन्नड़, हिंदी, बांग्ला, मराठी, गुजराती, असमिया, मलयालम और देसिया भाषाओं की पुरस्कार विजेता फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। विविध भाषाओं और संस्कृतियों को एक मंच पर लाने वाला यह आयोजन सिनेमा प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
लोक सेवा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फेस्टिवल निदेशक संजय पटनायक तथा सह-निदेशक सुकांत रथ और अशोक पालित से मुलाकात की। उन्होंने ओडिशा की समृद्ध कला, संस्कृति और सिनेमाई प्रतिभा को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में इस महोत्सव की भूमिका की सराहना की और घोषणा की कि वर्ष 2027 से इसे और अधिक भव्य तथा व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
फेस्टिवल निदेशक संजय पटनायक ने मुख्यमंत्री और ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का सहयोग ओडिशा में सिने-संस्कृति के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और इससे ओड़िया सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव में देश-विदेश के फिल्म निर्माता, कलाकार, सिनेमा प्रेमी और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। फिल्म प्रदर्शन के साथ-साथ परिचर्चाएं, संवाद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जो पारंपरिक विरासत और आधुनिक कहानी कहने की कला का अनूठा संगम प्रस्तुत करेंगी।
बहुभाषी फिल्मों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुतियों के साथ तीसरा भुवनेश्वर फिल्म फेस्टिवल ओडिशा को भारतीय फिल्म जगत के एक उभरते सांस्कृतिक केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
