-
राज्य के 3.28 करोड़ लोगों को मिलेगा 10 किलो मुफ्त चावल
-
सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की बड़ी घोषणा
-
कहा- कोई परिवार भूखा नहीं सोएगा
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को अब प्रति व्यक्ति हर महीने अतिरिक्त 5 किलोग्राम मुफ्त चावल दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक पात्र व्यक्ति को कुल 10 किलोग्राम मुफ्त चावल उपलब्ध होगा।
यह योजना राज्य के 3.28 करोड़ लोगों और 1.96 करोड़ परिवारों को लाभान्वित करेगी, जो ओडिशा की लगभग 80 प्रतिशत आबादी को कवर करती है। योजना के संचालन पर राज्य सरकार प्रतिवर्ष 8,813 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि यह केवल एक कल्याणकारी योजना नहीं बल्कि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एक पवित्र सामाजिक निवेश है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि गरीबों के चेहरे पर मुस्कान आए और राज्य का कोई भी परिवार भूखा न सोए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का संकल्प है कि ओडिशा में कोई बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और कोई बुजुर्ग खाद्यान्न के अभाव में परेशान न रहे। उन्होंने इस योजना को सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जनता को विशेष उपहार बताया।
उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के विजन के अनुरूप विकसित भारत और आत्मनिर्भर, समृद्ध ओडिशा के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भुवनेश्वर में तीन बड़ी आधारभूत परियोजनाओं की शुरुआत
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजधानी के लिए तीन महत्वपूर्ण शहरी विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें इंस्टीट्यूट ऑफ मैथमेटिक्स से इन्फोसिटी होते हुए एकाम्र कानन तक 13 किलोमीटर से अधिक लंबा छह लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, जयदेव विहार-नंदनकानन मार्ग को आठ लेन में विकसित करने की परियोजना तथा जनपथ पर 20 मंजिला ‘जनाश्रय भवन’ का निर्माण शामिल है, जहां राजधानी आने वाले लगभग 2,000 लोगों के लिए सस्ती अल्पकालिक आवास सुविधा उपलब्ध होगी।
आंगनवाड़ी कर्मियों को स्मार्टफोन
कार्यक्रम के दौरान 72,224 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, 2,802 लेडी सुपरवाइजरों और 338 ब्लॉक समन्वयकों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। साथ ही ‘सुभद्रा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि ‘सुभद्रा’ और ‘अन्नपूर्णा’ जैसी योजनाएं राज्य के हर परिवार में समृद्धि और खुशहाली लेकर आएंगी। वहीं खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने इसे अंत्योदय की भावना पर आधारित सरकार बताते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
