Home / Odisha / गुणुपुर के पूर्व विधायक राममूर्ति गोमांगो का निधन
xr:d:DAFZ5i7fRwc:665,j:5754869168274185643,t:23062712

गुणुपुर के पूर्व विधायक राममूर्ति गोमांगो का निधन

  •     एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में थे उपचाराधीन

भुवनेश्वर। रायगड़ा जिले के गुणुपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राममूर्ति गोमांगो का शुक्रवार सुबह 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचाराधीन थे।

सूत्रों के अनुसार, गोमांगो ने शुक्रवार तड़के अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से उच्च रक्तचाप और मधुमेह संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें दो दिन पहले एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

रायगड़ा जिले के एक प्रमुख राजनीतिक नेता रहे गोमांगो ने दो बार गुणुपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

हालांकि, उनका राजनीतिक जीवन उनकी पत्नी शशिरेखा गोमांगो की मौत से जुड़े चर्चित आपराधिक मामले के कारण भी सुर्खियों में रहा। शशिरेखा का अर्ध-जला शव उनके आवास के बाथरूम से बरामद किया गया था। घटना के समय वह गर्भवती थीं। गोमांगो ने इसे आत्महत्या बताते हुए अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया था, लेकिन जांच के बाद मामला हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में परिवर्तित कर दिया गया।

करीब तीन दशक तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद भुवनेश्वर की विशेष अदालत ने 27 जून 2023 को राममूर्ति गोमांगो को पत्नी की हत्या और साक्ष्य नष्ट करने का दोषी करार दिया था। अदालत ने गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह फैसला सुनाया था।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …