-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर 21 उत्सव समितियों को मिलेगा अनुदान
-
संस्कृति मंत्री ने निर्णय का किया स्वागत
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देशानुसार ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग संबलपुर जिले में आयोजित होने वाले शीतल षष्ठी उत्सव के लिए 1 करोड़ 8 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इस वर्ष जिले की कुल 21 उत्सव समितियों को यह अनुदान दिया जाएगा।
राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि शीतल षष्ठी ओडिशा की समृद्ध परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों का जीवंत उत्सव है। यह पर्व राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा प्रदान की जा रही यह वित्तीय सहायता शीतल षष्ठी उत्सव को और अधिक भव्यता तथा उत्साह के साथ आयोजित करने में सहायक होगी।
संस्कृति मंत्री ने कहा कि इस पहल से न केवल स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर ओडिशा की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को भी और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकारी सहयोग से इस वर्ष शीतल षष्ठी महोत्सव पहले से अधिक आकर्षक और सफल होगा।
उल्लेखनीय है कि संबलपुर की शीतल षष्ठी यात्रा राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव का भव्य आयोजन किया जाता है। हर वर्ष इस पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
