-
जापान के महावाणिज्यदूत ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
भुवनेश्वर। कोलकाता स्थित जापान के महावाणिज्यदूत इशिकाना योशिहिसा ने बुधवार को मोहन चरण माझी से लोकसेवा भवन में मुलाकात कर जापान और ओडिशा के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा में विभिन्न विकास परियोजनाओं में जापान के सहयोग और दोनों पक्षों के बीच बढ़ते व्यापारिक संबंधों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जापान ओडिशा में निवेश और औद्योगिकीकरण के क्षेत्र में अपनी भागीदारी को और विस्तारित करेगा।
जापानी महावाणिज्यदूत इशिकावा योशिहिसा ने ओडिशा और जापान के बीच कला, संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जापान राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास के प्रयासों में ओडिशा के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जापान का टोट्टोरी प्रेफेक्चुर और ओडिशा ‘सिस्टर स्टेट’ के रूप में साझेदारी करेंगे। दोनों राज्यों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आपसी दौरे करेंगे। बाद में ओडिशा के मुख्यमंत्री और टोटोरी के गवर्नर संयुक्त रूप से इस साझेदारी की औपचारिक घोषणा करेंगे।
इसके अलावा, जापान और ओडिशा के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, पर्यटन और शैक्षणिक आदान-प्रदान को मजबूत करने पर भी सहमति बनी। बैठक में ओडिशा के बौद्ध पर्यटन सर्किट और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को जापानी पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
यह भी निर्णय लिया गया कि जापान की कुछ भर्ती एजेंसियां ओडिशा आएंगी, जिससे राज्य के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के अवसर बढ़ सकेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव अनु गर्ग, उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा तथा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
