Home / Odisha / ओडिशा में प्लस-2 के परिणाम घोषित
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में प्लस-2 के परिणाम घोषित

  •     विज्ञान संकाय 88.80 प्रतिशत के साथ अव्वल

भुवनेश्वर। काउंसिल ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन (सीएचएसई), ओडिशा ने बुधवार को सभी संकायों के वार्षिक प्लस-2 परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इस वर्ष राज्य का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 85.85 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

परिणामों की आधिकारिक घोषणा ओडिशा के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने की। पिछले वर्ष का कुल पास प्रतिशत 83.45 प्रतिशत था, जिसके मुकाबले इस वर्ष 2.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

सीएचएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, विज्ञान संकाय ने 88.80 प्रतिशत उत्तीर्ण दर के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इसके बाद वाणिज्य संकाय का पास प्रतिशत 88.07 प्रतिशत रहा। कला संकाय में 84.50 प्रतिशत छात्र सफल हुए, जबकि व्यावसायिक शिक्षा (वोकेशनल) संकाय का उत्तीर्ण प्रतिशत 77.62 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इस वर्ष कला, विज्ञान, वाणिज्य और व्यावसायिक शिक्षा संकायों में कुल 4,01,623 छात्रों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 3,98,090 छात्र राज्यभर के 3,082 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षाओं में शामिल हुए।

सबसे अधिक 2,54,119 परीक्षार्थी कला संकाय से परीक्षा में शामिल हुए। विज्ञान संकाय में 1,13,826, वाणिज्य में 24,289 तथा व्यावसायिक शिक्षा संकाय में 5,856 छात्रों ने परीक्षा दी।

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन राज्य के 51 केंद्रों पर किया गया, जहां लगभग 15,000 शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया था।

सीएचएसई ने इस वर्ष से सुधार परीक्षा (इम्प्रूवमेंट एग्जाम) शुरू करने की भी घोषणा की है, ताकि छात्र अपने अंकों में सुधार कर सकें। ये परीक्षाएं इंस्टेंट परीक्षा के साथ ही जुलाई के पहले सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है।

कला में संबलपुर, विज्ञान में बालेश्वर जिले का पास प्रतिशत सर्वाधिक

ओडिशा उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (द्वारा आयोजित प्लस-2 परीक्षा 2026 के परिणामों के साथ विभिन्न जिलों के संकायवार प्रदर्शन के आंकड़े भी जारी किए गए हैं।

कला संकाय में संबलपुर जिले ने 89.48 प्रतिशत उत्तीर्ण दर के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि नवरंगपुर जिले में 77.14 प्रतिशत के साथ सबसे कम पास प्रतिशत दर्ज किया गया। विज्ञान संकाय में बालेश्वर जिला 96.63 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा, वहीं कोरापुट जिले का प्रदर्शन 77.14 प्रतिशत रहा। वाणिज्य संकाय में बौध जिले ने शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जबकि बलांगीर जिले में 77.25 प्रतिशत उत्तीर्ण दर रही। व्यावसायिक शिक्षा (वोकेशनल) में नवरंगपुर जिले ने 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जबकि मलकानगिरी जिले में सबसे कम 55.22 प्रतिशत उत्तीर्ण दर दर्ज की गई।

इम्प्रूवमेंट एग्जाम देने को मिलेगा अवसर

इस बीच, स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि इस वर्ष से पहली बार उन छात्रों को, जो किसी विषय में अपने प्राप्त अंकों से असंतुष्ट हैं, एक विषय में सुधार परीक्षा (इम्प्रूवमेंट एग्जाम) देने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं निर्धारित समय सीमा के भीतर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने और बेहतर अवसर प्रदान करने में सहायता करना है।

मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने राज्य में आयोजित काउनसिल आफ हायर सेकंडरी एजुकेशन द्वारा संचालित प्लस-2 परीक्षा 2026 में सफल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने संदेश में कहा कि कला, वाणिज्य, विज्ञान एवं व्यावसायिक शिक्षा संकायों में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राएं राज्य के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि परिणाम चाहे जो भी हो, वे सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें और जीवन में निरंतर प्रगति करें।

वहीं, शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और निरंतर मेहनत के माध्यम से सफलता की ओर अग्रसर हों। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …