Home / Odisha / ओडिशा में भीषण गर्मी, पारा 45 डिग्री के पार
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में भीषण गर्मी, पारा 45 डिग्री के पार

  •     झारसुगुड़ा रहा सबसे गर्म शहर

  •     संबलपुर में भी 45 डिग्री सेल्सियस

  •     तटीय इलाकों में उमस से बढ़ी परेशानी

  •     आईएमडी ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

भुवनेश्वर। पश्चिमी ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को झारसुगुड़ा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां दोपहर 2:30 बजे तक तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं संबलपुर में भी पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे पूरे पश्चिमी ओडिशा में गंभीर लू की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार झारसुगुड़ा लगातार कई दिनों से राज्य का सबसे गर्म स्थान बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने की सलाह दी गई है।

आज सुबह 11:30 बजे तक ही पश्चिमी ओडिशा के कई क्षेत्रों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया था। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर दास के अनुसार झारसुगुड़ा में पूर्वाह्न में ही 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि संबलपुर और हीराकुद में 41-41 डिग्री रहा। केंदुझर में 37.6 डिग्री तथा राउरकेला में 37.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दूसरी ओर तटीय ओडिशा में उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। गोपालपुर में आर्द्रता 79.1 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पुरी में 74.2 प्रतिशत, पारादीप में 72.8 प्रतिशत, बालेश्वर में 64.3 प्रतिशत, चांदबाली में 63.3 प्रतिशत और भुवनेश्वर में 61.6 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिनों तक राज्य में भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। पश्चिमी जिलों में हीटवेव की स्थिति जारी रहने की संभावना है, जबकि तटीय और उत्तरी ओडिशा के कुछ हिस्सों में दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि इससे गर्मी से विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

आईएमडी के अनुसार 20 से 24 मई तक बालेश्वर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, बरगढ़, बौध, नुआपड़ा, बलांगीर, कलाहांडी, गजपति, गंजाम, पुरी और खुर्दा जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रह सकती है।

इससे पहले मंगलवार को राज्य के 21 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया था। झारसुगुड़ा में 44.8 डिग्री, हीराकुद में 44 डिग्री और संबलपुर में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में तापमान 41.1 डिग्री तथा कटक में 39.8 डिग्री दर्ज किया गया।

24 मई तक हीटवेव की चेतावनी

21-22 मई को भद्रक, जाजपुर, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अनुगूल, सोनपुर, बौध, बलांगीर और नयागढ़।

23-24 मई को भद्रक, जाजपुर, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, अनुगूल, सोनपुर, बौध, नुआपड़ा, बलांगीर और नयागढ़।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …