-
निजी रक्षा कंपनी नाइब लिमिटेड ने किया परीक्षण
-
150 और 300 किमी रेंज वाले रॉकेटों ने दिखाई सटीक मारक क्षमता
भुवनेश्वर। ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) में निजी क्षेत्र की रक्षा कंपनी निबे लिमिटेड द्वारा विकसित ‘सूर्यास्त्र’ रॉकेट का सफल परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान 150 किलोमीटर और 300 किलोमीटर रेंज वाले दो अलग-अलग संस्करणों का सफल फायरिंग ट्रायल किया गया।
जानकारी के अनुसार 150 किमी रेंज वाले रॉकेट ने 1.5 मीटर का सर्कुलर एरर प्रोबेबल (सीईपी) हासिल किया, जबकि 300 किमी रेंज वाले संस्करण का सीईपी 2 मीटर दर्ज किया गया। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह परीक्षण भारतीय सेना द्वारा दिए गए खरीद आदेश के तहत किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार सूर्यास्त्र रॉकेट भारतीय सेना को गहरी दूरी तक सटीक हमला करने की नई क्षमता प्रदान करेगा। यह मौजूदा सतह से सतह पर मार करने वाली सामरिक बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल प्रणालियों के साथ मिलकर सेना की मारक शक्ति को और मजबूत करेगा।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी की रॉकेट आर्टिलरी इकाइयों को भारतीय वायुसेना की आक्रामक क्षमताओं के साथ जोड़ने से भारत की सामरिक और परिचालन शक्ति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सूर्यास्त्र रॉकेट का सफल परीक्षण भारत की रक्षा तैयारियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। साथ ही यह उन्नत हथियार निर्माण में निजी क्षेत्र की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
