-
पुरी-कोरापुट नई एक्सप्रेस सेवा शुरू
-
राज्य में 90 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर
भुवनेश्वर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा में रेलवे अवसंरचना और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने नई 18407/18408 पुरी-कोरापुट-पुरी त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा की घोषणा करते हुए कहा कि इससे पहली बार पुरी का पश्चिमी और दक्षिणी ओडिशा के बड़े हिस्सों से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
कई जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
यह ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, अनुगूल, संबलपुर, बरगढ़ रोड, बलांगीर, टिटिलागढ़, केसिंगा, मुनिगुड़ा, रायगड़ा, टिकिरी, लक्ष्मीपुर रोड, काकिरिगुमा और दमनजोड़ी होकर चलेगी। इससे तटीय, पश्चिमी और दक्षिणी ओडिशा के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्री ने कहा कि इस सेवा से विशेष रूप से केबीके क्षेत्र और आदिवासी बहुल जिलों में तीर्थयात्रा, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।
ओडिशा में 90 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्तमान में ओडिशा में लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें जूनागढ़-नवरंगपुर, नवरंगपुर-जयपुर, जयपुर-मालकानगिरि, बरगढ़-नुआपड़ा, गुनुपुर-थेरुबाली, खुर्दा रोड-बलांगीर और विमलागढ़-तालचेर रेल लाइन परियोजनाएं प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित खुर्दा रोड-बलांगीर रेल लाइन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसे वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भविष्य में चल सकेंगी 500 अतिरिक्त ट्रेनें
रेल मंत्री ने बताया कि ओडिशा से गुजरने वाले हावड़ा-चेन्नई मुख्य रेल कॉरिडोर पर फोर लाइनिंग का कार्य भी जारी है। नई लाइनों और क्षमता विस्तार परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राज्य में भविष्य में लगभग 500 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की क्षमता विकसित हो जाएगी।
अमृत स्टेशन योजना के तहत 59 स्टेशनों का होगा कायाकल्प
उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत ओडिशा के 59 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें भुवनेश्वर, पुरी, संबलपुर, ब्रह्मपुर, तालचेर और बारिपदा स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा प्रस्तावित पुरी-कोणार्क रेल संपर्क परियोजना के लिए नया डीपीआर भी तैयार किया जा रहा है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार ओडिशा में रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने और राज्य के संतुलित क्षेत्रीय विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
