-
सुरक्षा काफिले की अतिरिक्त गाड़ियां हटाईं
-
अब केवल एक कार से करेंगे यात्रा
-
लोगों से सार्वजनिक परिवहन और ईवी अपनाने की अपील
भुवनेश्वर। ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने सादगी और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए अपने सुरक्षा काफिले में शामिल पायलट और एस्कॉर्ट वाहनों को हटाने का फैसला किया है। अब वह सचिवालय जाने से लेकर सभी सरकारी कार्यक्रमों में केवल एक कार से यात्रा करेंगे।
उनका यह कदम पश्चिम एशिया में तनाव के कारण उत्पन्न वैश्विक तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील के समर्थन में उठाया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने अतिरिक्त वाहनों का उपयोग बंद कर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि देशहित में बड़े नेता भी व्यक्तिगत स्तर पर त्याग करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक छोटी-छोटी बचत करेगा तो देश ईंधन संकट जैसी चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकेगा।
कनक वर्धन सिंहदेव ने राज्यवासियों से निजी वाहनों का कम उपयोग करने, जहां संभव हो वहां सार्वजनिक परिवहन अपनाने और बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक या सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव नहीं, बल्कि सादगी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकजुटता का मजबूत संदेश है। ऐसे समय में जब ईंधन की हर बूंद महत्वपूर्ण है, सामूहिक प्रयास देश को बड़ी राहत दे सकते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
