-
13 दिनों के लिए पर्याप्त पेट्रोल-डीजल उपलब्ध
-
जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
भुवनेश्वर। ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने राज्य में पेट्रोल और डीजल की किसी भी तरह की कमी से इनकार करते हुए लोगों से घबराकर ईंधन खरीदने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में अगले 13 दिनों के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
मंत्री ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर फैली आशंकाओं के बाद राज्यभर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। अचानक मांग बढ़ने से कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन खत्म हो गया। पिछले दो दिनों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कृष्ण चंद्र पात्र ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील को गलत तरीके से समझे जाने के कारण लोगों में घबराहट फैली। उन्होंने लोगों से कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल जमा नहीं करने की अपील की और अधिकारियों को कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को ईंधन आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने भी राज्य में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होने का भरोसा दिलाया है। आईओसीएल के मुख्य महाप्रबंधक कमल शील ने कहा कि सभी जिलों में ईंधन भंडार की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमित रूप से स्टॉक की भरपाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रत्येक जिले में तीन से चार दिनों का ईंधन भंडार उपलब्ध है, जबकि घबराहट में खरीदारी के कारण दो दिनों में बिक्री में 30 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
