-
आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय हित को मजबूत करने वाला कदम बताया
भुवनेश्वर। क्रेडाई ओडिशा ने क्रेडाई नेशनल द्वारा नैटकॉन-2026 आयोजन को एम्सटर्डम से भारत स्थानांतरित करने के निर्णय का स्वागत और समर्थन किया है। संगठन ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय हित और आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप महत्वपूर्ण कदम बताया।
क्रेडाई ओडिशा ने कहा कि बदलती वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच यह फैसला देश की आर्थिक मजबूती, सामूहिक जिम्मेदारी और रियल एस्टेट क्षेत्र की राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर क्रेडाई ईस्ट जोन के उपाध्यक्ष स्वदेश कुमार राउतराय ने कहा कि भारत में नैटकॉन-2026 का आयोजन रियल एस्टेट क्षेत्र की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि क्रेडाई ओडिशा इस देशहितैषी और प्रगतिशील पहल का पूर्ण समर्थन करता है।
क्रेडाई ओडिशा का मानना है कि देश में नैटकॉन आयोजन से घरेलू आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इससे भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर और विभिन्न राज्यों के बीच व्यावसायिक सहयोग को भी मजबूती मिलेगी।
ओडिशा के रियल एस्टेट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन के रूप में क्रेडाई ओडिशा ने रोजगार सृजन, शहरी आधारभूत संरचना विकास, सतत विकास और देश की दीर्घकालिक आर्थिक प्रगति में योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
संगठन ने इस निर्णय के लिए क्रेडाई नेशनल के अध्यक्ष शेखर पटेल और राष्ट्रीय नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे देश के व्यापक हित में लिया गया दूरदर्शी फैसला बताया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
