Home / Odisha / ओडिशा में अफवाहों से पेट्रोल पंपों पर लगीं लंबी कतारें
sanjay lath

ओडिशा में अफवाहों से पेट्रोल पंपों पर लगीं लंबी कतारें

  •          ईंधन संकट की आशंका से घबराहट में खरीदारी से बढ़ी परेशानी

  •           कई जिलों में ‘नो स्टॉक’ बोर्ड लगे

भुवनेश्वर। ओडिशा के कई जिलों में गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई पेट्रोल पंपों पर “नो स्टॉक” के बोर्ड लगाए गए, जिससे लोगों में ईंधन संकट की आशंका और बढ़ गई। भुवनेश्वर समेत जयपुर, कलाहांडी और केंद्रापड़ा जैसे इलाकों से पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ की तस्वीरें सामने आईं।

कई पेट्रोल पंपों पर टैंक खाली होने के कारण बैरिकेड लगाए गए, जबकि कुछ जगहों पर पेट्रोल-डीजल की सीमित बिक्री की गई। दोपहिया वाहनों को 200 रुपये और चारपहिया वाहनों को 2,000 रुपये तक का ही ईंधन देने की बात सामने आई।

बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी बीच अफवाहों और घबराहट में लोगों द्वारा अधिक मात्रा में ईंधन खरीदने से स्थिति और गंभीर हो गई। कई जगहों पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ पेट्रोल पंप कई घंटों या दिनों तक बंद भी रहे।

एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने कहा कि पिछले 7-8 दिनों से आपूर्ति में समस्या बनी हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि अगली खेप कब पहुंचेगी। वहीं डिलीवरी कर्मियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों ने इससे अपने कामकाज पर असर पड़ने की शिकायत की।

उत्कल पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन  का संकट से इनकार

हालांकि उत्कल पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव संजय लाठ ने राज्य में किसी भी प्रकार के ईंधन संकट से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा लोगों को अफवाहों से बचना चाहिए।

घबराहट के कारण ईंधन की खरीदारी अचानक बढ़ी – संजय लाठ

संजय लाठ के अनुसार पिछले 2-3 दिनों में घबराहट के कारण ईंधन की खरीदारी अचानक बढ़ गई, जिससे सामान्य आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में पेट्रोल और डीजल की बिक्री लगभग 50 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मितव्ययिता अपनाने की अपील को कुछ लोगों ने संभावित तेल संकट से जोड़कर देखा, जिसके बाद लोगों ने ईंधन जमा करना शुरू कर दिया। इसी वजह से कम भंडारण क्षमता वाले कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो गया।

घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील

लाठ ने बताया कि राज्य के लगभग 3,000 पेट्रोल पंपों में से केवल करीब 100 और भुवनेश्वर के 41 पंपों में से 3 से 4 पंपों पर ही अस्थायी कमी देखी गई है। अधिकांश पंपों पर शाम तक फिर से आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील करते हुए कहा कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की राशनिंग लागू नहीं है और लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार वाहन में पूरा ईंधन भरवा सकते हैं।

उधर तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने भी राज्य में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होने की पुष्टि करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन में सीएम करेंगे ओडिशा का प्रतिनिधित्व

    मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी दिल्ली रवाना     केंद्र से बाढ़ राहत के …