-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, प्रभाती परिडा और नवीन पटनायक ने जताया दुख
-
जनसेवा और संगठन कौशल के लिए हमेशा याद किए जाएंगे अयूब खान
भुवनेश्वर। कांटाबांजी के पूर्व विधायक अयूब खान के निधन से ओडिशा की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता और कांटाबांजी के पूर्व विधायक अयूब खान का बुधवार को कांटाबांजी स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके पुत्र डॉ अमजद अली खान ने की।
मोहन चरण माझी ने अयूब खान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अयूब खान एक अनुभवी जनप्रतिनिधि थे और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रभाती परिडा ने भी पूर्व विधायक अयूब खान के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह खबर बेहद दुखद है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं परिवार तथा शुभचिंतकों के साथ हैं।
नवीन पटनायक ने बताया कुशल संगठनकर्ता
नवीन पटनायक ने अयूब खान के निधन को पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि अयूब खान एक कुशल संगठनकर्ता और संवेदनशील नेता थे, जिन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नवीन पटनायक ने डॉ अमजद अली खान से फोन पर बात कर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दो बार विधायक रहे अयूब खान
अयूब खान कांटाबांजी और नुआपड़ा क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने वर्ष 2004 से 2009 तक निर्दलीय विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद वर्ष 2014 से 2019 तक वे बीजेडी विधायक रहे। अपने राजनीतिक जीवन में वे संगठन क्षमता, जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के प्रति समर्पण के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
