-
लोगों से पेट्रोल बचाने की अपील
-
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए लिया फैसला
भुवनेश्वर। पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के कारण उत्पन्न वैश्विक तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत और अनावश्यक खर्चों में कटौती की अपील के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने आधिकारिक काफिले में शामिल वाहनों की संख्या आधी कर दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रधानमंत्री के आह्वान का स्वागत करते हुए अपने व्यक्तिगत सुरक्षा काफिले में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से भी निजी वाहनों का कम उपयोग करने और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही वाहनों का उपयोग किया जाए और अनावश्यक यात्रा से बचा जाए ताकि पेट्रोल की खपत को कम किया जा सके।
उन्होंने लोगों से वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार उपभोग की आदत अपनाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को अनावश्यक खर्चों से बचने की भी सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने और अत्यधिक सोने की खरीदारी से परहेज करने का अनुरोध किया।
राज्य सरकार का यह कदम ईंधन संरक्षण और आर्थिक संयम को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
