-
16 लाख रुपये का रिफंड जारी करने के बदले मांगी थी 50 हजार की घूस
बालेश्वर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बालेश्वर के केंद्रीय जीएसटी अधीक्षक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक कंपनी का जीएसटी रिफंड जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, 8 मई 2025 को प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि केंद्रीय जीएसटी अधीक्षक और एक सहायक आयुक्त ने कंपनी के 16 लाख रुपये के जीएसटी रिफंड को जारी करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के तुरंत बाद अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी अधिकारी रिफंड प्रक्रिया को तेज करने के नाम पर शिकायतकर्ता पर लगातार भुगतान का दबाव बना रहा था। सीबीआई की कार्रवाई से इस अवैध वसूली का खुलासा हुआ।
सीबीआई ने कहा कि मामले में अन्य अधिकारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। एजेंसी ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई और कर प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
