-
20 जिलों पर असर की संभावना
-
ओडिशा में भारी बारिश के आसार
-
आईएमडी ने जारी की चेतावनी
भुवनेश्वर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा में व्यापक बारिश और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है। दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बन रहे चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार यह चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है और 12 या 13 मई के आसपास यह निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके प्रभाव से राज्य के लगभग 20 जिलों में भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य के 30 जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी करते हुए लोगों को आकाशीय बिजली और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह प्रणाली और मजबूत हो सकती है, जिससे तटीय और आंतरिक ओडिशा में लगातार बारिश की स्थिति बन सकती है। हालांकि आईएमडी ने स्पष्ट किया है कि इसके चक्रवात में बदलने की संभावना फिलहाल कम है।
जिन जिलों में गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है उनमें खुर्दा, कटक, पुरी, बालेश्वर, भद्रक, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, मयूरभंज, केंदुझर और गंजाम शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से बिजली गिरने के दौरान घरों के भीतर रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
संभावित निम्न दबाव के कारण मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। किसानों और आम लोगों ने भी इस पूर्वानुमान का स्वागत किया है, क्योंकि इससे मिट्टी में नमी बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
