-
भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए लिया गया फैसला
भुवनेश्वर। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस द्वारा राज्य को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा “नशामुक्त ओडिशा जन जागरण अभियान” भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मानस कुमार मलिक ने गुरुवार को कांग्रेस भवन में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास के मार्गदर्शन में यह अभियान 14 अप्रैल से पुरी जिले के सुआंडो से शुरू किया गया था। अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, जाजपुर, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज, केंदुझर, ढेंकानाल, अनुगूल, देवगढ़, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और संबलपुर सहित कई जिलों का दौरा किया।
अभियान के दौरान विभिन्न जनबहुल स्थानों पर पथसभा आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। मानस मलिक ने कहा कि पश्चिम ओडिशा में अत्यधिक गर्मी और गर्म हवाओं को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के परामर्श पर अभियान को अस्थायी विराम दिया गया है। मौसम सामान्य होने के बाद शेष जिलों में पुनः अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 22 दिनों तक चले इस जनजागरण अभियान की शुरुआत महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की पावन भूमि से हुई थी और फिलहाल इसे मां समलेश्वरी की नगरी संबलपुर में अस्थायी रूप से रोका गया है।
इस अवसर पर मानस कुमार मलिक ने अभियान को समर्थन और सहयोग देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष प्रसाद हरिचंदन और जयदेव जेना सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों, अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, सुरक्षा कर्मियों तथा ओडिशा की जनता का आभार व्यक्त किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
