Home / National / नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत , दो घायल

नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत , दो घायल

मुंबई। नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में शनिवार सुबह चार मंजिला एक इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज वाशी के एनएमएमसी अस्पताल में हो रहा है। एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने यहां सुबह से जारी रेस्क्यू काम रोक दिया है।

नवी मुंबई नगर निगम के आयुक्त कैलाश शिंदे ने बताया कि शनिवार को सुबह नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत ढह गई थी। इस इमारत के गिरने से पहले इमारत में कंपन हुआ था, जिससे इमारत में रहने वाले 52 लोग भाग कर निकल गए थे। इनमें 13 बच्चे भी हैं। इमारत गिरने पर उसके मलबे में पांच लोग दब गए। मौके पर एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और पांचों लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने मोहम्मद मिराज अल्ताफ हुसैन (30), मिराज सैफ अंसारी (24) और सफीक अहमद रहमत अली अंसारी (28) को मृत घोषित कर दिया। रुक्सार पठान (19) और लल्लाउद्दीन नजीर पठान (23) का इलाज अस्पताल में जारी है। एनएमएमसी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत जावड़े के अनुसार दोनों का इलाज सिविक अस्पताल की ट्रॉमा यूनिट में किया जा रहा है।

कैलास शिंदे ने कहा कि बेलापुर में इमारत का निर्माण 2013 में हुआ था। आज सुबह इस इमारत के गिरने से आधे घंटे पहले अधिकांश निवासी सुरक्षित बाहर निकल गए थे। इन सभी को मुंबई नगर निगम के आश्रय गृह में रखा गया है। इन सबको हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही इस इमारत के मालिक पर भी मामला दर्ज करने का काम पुलिस की टीम कर रही है।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

kotia

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में लड़ाई तेज, सुप्रीम कोर्ट पहुंचा कोटिया सीमा विवाद

 रायगड़ा कलेक्टर ने दायर की अवमानना याचिका आंध्र प्रदेश के छह वरिष्ठ अधिकारियों को बनाया …