कोलकाता, चुनाव से पहले राजनीति का अखाड़ा बन चुके पश्चिम बंगाल में स्कूटी की सवारी भी सुर्खियों में रहने लगी है। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी डीजल-पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों का विरोध जताने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी से सचिवालय गई और वापस लौटी थीं। इसके बाद शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए परिवर्तन यात्रा में शामिल होने पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी स्कूटी की सवारी की।
गरिया स्टेशन के पास से गुजर रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल हुई स्मृति ईरानी ने हेलमेट पहनकर स्कूटी चलाई। उनके पीछे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी बाइक की सवारी की। इसके बाद वह परिवर्तन रथ पर सवार हुई और दक्षिण 24 परगना के भांगड़ तक परिवर्तन यात्रा का हिस्सा रहीं। उनके साथ स्कूटी पर भाजपा नेत्री रूपा गांगुली भी सवार थीं।
इस दौरान स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। ईरानी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के लिए राजनीति खेल है। भ्रष्टाचार और हिंसा की संस्कृति को पनाह देने में ममता की भूमिका सबसे बड़ी है। इसी तरह से केरल में एक बयान के दौरान उत्तर भारतीय मतदाताओं को इशारे इशारे में कम अक्ल साबित करने के राहुल गांधी के प्रयासों की भी निंदा स्मृति ईरानी ने की।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की पहचान एक ऐसे नेता के तौर पर बन गई है जो केवल फूट डालो और बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीयों के बीच बंटवारे की कोशिश की है। इसके पहले गुजरात के लोगों के बीच भी फूट डालने की कोशिश राहुल गांधी ने की थी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए राजनीति केवल जनसेवा का जरिया है।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
