नई दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसान आंदोलन के नाम पर भारत के आंतरिक मामलों पर गुमराह करने वाली टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि कोई भी प्रोपेगेंडा भारत की एकता को कमजोर नहीं कर सकता। कोई भी प्रोपेगेंडा भारत को नई ऊंचाइयां छूने से नहीं रोक सकता।
विदेश मंत्रालय द्वारा बुधवार को सोशल मीडिया पर शुरू की गई मुहिम का हिस्सा बनते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भारत का भविष्य किसी प्रोपेगेंडा से तय नहीं होगा। भारत का भविष्य उसकी प्रगति पर निर्भर है, जिसे हासिल करने के लिए पूरा देश एकताबद्ध होकर साथ खड़ा है।
उल्लेखनीय है कि दुनिया की कई नामी गिरामी हस्तियों ने भारत में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर गुमराह करने वाली भारत विरोधी टिप्पणियां की थी। इनका उत्तर देने के लिए विदेश मंत्रालय ने दो हैशटैग #इंडियाटुगेदर और #इंडियाअगेंस्टप्रोपेगेंडा शुरू किए थे। रात होने तक लाखों लोगों ने इन हैशटैग के जरिए भारत विरोधी दुष्प्रचार पर नाराजगी जाहिर की।
पश्चिमी पॉपस्टार रिहाना और मियां खलीफा, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा टुमबर्ग और पाकिस्तानी मूल की बालिका शिक्षा कार्यकर्ता मलाला ने किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट किए थे। उनकी टिप्पणियों का सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर विरोध किया गया।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
