नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी(आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली की जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। उन्हाेंने कहा कि वे केवल वादे करते हैं और बाद में इन्हें भूल जाते हैं।
भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में रविवार काे पत्रकार वार्ता में हरदीप पुरी ने कहा कि 2020 में चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से 10 वादे किए थे। लेकिन वह इन वादों को पूरा करने में पूरी तरह से नाकाम रहे। उन्हाेंने कहा कि 2020 के दिल्ली चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल ने 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति, दिल्ली को हाईटेंशन बिजली के तारों से मुक्ति, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा, सरकारी स्कूल, 500 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क, महिलाओं और छात्रों के लिए मुफ्त बसें, वायु प्रदूषण में कमी और यमुना नदी की सफाई सहित 10 गारंटी दी थी। वे केवल इस तरह के बयान देते हैं और उनसे इस बारे में सवाल पूछे जाने पर ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।
केंद्रीय मंत्री पुरी ने मुख्यमंत्री को पंजाब की जनता से किए हुए बातों को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि वे केवल दो गारंटियों का ज़िक्र करेंगे। पंजाब में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाने का वादा किया गया था। 2025 में उन्हीं महिलाओं को अपनी आवाज़ उठाने के लिए दिल्ली आना पड़ रहा है। उन्होंने कहा था कि वे पंजाब को नशा मुक्त बनाएंगे। पंजाब में (आआपा) की सरकार बनने के बाद नशा माफिया में नई ऊर्जा आ गई है।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
