नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय में नवनियुक्त राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने मंगलवार को शास्त्री भवन, नई दिल्ली में अपना कार्यभार संभाल लिया। शिक्षा मंत्रालय पहुंचने पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. मजूमदार का स्वागत किया।
डॉ. मजूमदार ने मीडिया से बातचीत की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के लिए उनका आभार व्यक्त किया। डॉ. मजूमदार ने शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को भी बधाई देते हुए कहा कि उनका विशाल अनुभव उन्हें मंत्रालय में काम करने और शिक्षा क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करेगा।
डॉ. सुकांत मजूमदार 17वीं लोकसभा में भी सांसद रह चुके हैं। वह सितंबर 2021 से बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे बालुरघाट (पश्चिम बंगाल) निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय से वनस्पति विज्ञान में एमएससी, बीएड और पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। वे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में गौर बंगा विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर हैं। वे 2019 से सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति और याचिका समिति के सदस्य थे।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
