मुंबई। कुख्यात गैंगस्टर प्रसाद विट्ठल पुजारी को मुंबई पुलिस चीन से वापस मुंबई ले आई। कई वर्षों से फरार चल रहे पुजारी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था।
पुलिस के मुताबिक प्रसाद पुजारी 2008 से चीन में अस्थायी निवास वीजा पर रह रहा था। भारतीय एजेंसियों की पकड़ से बचने के लिए पुजारी ने एक चीनी महिला से शादी भी कर ली थी। चीन उसे मुंबई पुलिस को सौंपने के लिए सहमत हो गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की एक टीम 44 वर्षीय पुजारी को शनिवार सुबह फ्लाइट से लेकर मुंबई पहुंची और उसे लॉक-अप में ले जाया गया।
कुमार पिल्लई गिरोह का सदस्य पुजारी कई गंभीर अपराधों के मामलों में फरार था। उसका नाम शिवसेना के एक पदाधिकारी की हत्या के असफल प्रयास, अपहरण, मौत की धमकी और मुंबई तथा अन्य स्थानों पर प्रमुख लोगों को निशाना बनाने वाले जबरन वसूली गिरोह में सामने आया था। प्रसाद पुजारी उत्तर-पूर्वी मुंबई के विक्रोली का निवासी है।
वर्ष 2020 में पुजारी ने अपनी मां इंदिरा विट्ठल पुजारी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर 10 लाख रुपये की उगाही के लिए एक बिल्डर के अपहरण की साजिश रची थी। मुंबई पुलिस ने इंदिरा पुजारी को गिरफ्तार किया था, लेकिन उनका बेटा उनकी पकड़ से बाहर था। पुलिस की पूछताछ में इंदिरा पुजारी ने बताया था कि प्रसाद पुजारी भारतीय एजेंसियों की पकड़ से बचने के लिए एक चीनी महिला से शादी भी कर ली।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
