नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा में अगले दो दिनों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
भारत मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन ने बुधवार को बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह सिस्टम तेज हो जाएगा और उत्तर की ओर चला जाएगा। इसके कारण पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत में 15, 16 एवं 17 नवंबर को बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों और उत्तरी-तटीय ओडिशा के जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके लिए इन राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में लगभग 36 स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक लगभग 90 सेमी वर्षा चेन्नई में हुई। राज्य के तटीय क्षेत्रों और कुछ अन्य स्थानों पर अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
सोमा सेन ने बताया कि उत्तरी भारत में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन रही है। इसके कारण 19-20 नवंबर को उत्तरी जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रहेगा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
