भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच चल रही तकरार पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसा है। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि आईएनडीआईए अजीब गठबंधन है, दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती। अखिलेश यादव चिरकुट जैसे शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं, इससे उनकी मन की स्थिति समझी जा सकती है।
मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को ट्वीट के माध्यम से कहा कि अखिलेश यादव ने बताया है कि कांग्रेस ने उन्हें और सपा को एक साल तक धोखे में रखा। बातें करते रहे और बाद में धोखा दे दिया। उनके कार्यकर्ता रातभर जागे, उन्हें बैठाया। उन्होंने चिरकुट जैसे जिन शब्दों का प्रयोग किया है, इससे उनके मन की स्थिति समझी जा सकती है कि कांग्रेस ने कितना धोखा दिया है। चौहान ने कहा कि जिस दिन आईएनडीआईए गठबंधन बना था, हमने कह दिया था कि यह बेमेल गठबंधन है, इनमें न लोगों के विचार एक हैं और न दिल एक हैं। केवल प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता से घबरा कर यह बेमेल गठबंधन बना था, जो बनने के पहले ही टूट रहा है।
उन्होंने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन ने मध्य प्रदेश में रैली तय की थी, लेकिन कमलनाथ ने इसे रद्द करवा दिया। उन्होंने यहां घुसने से भी मना कर दिया। यह अजीब गठबंधन है, दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती, ऐसा कहीं होता है क्या। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस आपस में ही धोखा दे रही है। अब मध्य प्रदेश में ही देख लीजिए। कांग्रेस लड़ रही है, सपा लड़ रही है, आम आदमी पार्टी भी बाहें चढ़ा कर सामने खड़ी है, ये काहे का गठबंधन है। आश्चर्य के साथ जनता इस गठबंधन को देख रही है। जब आज ही इस गठबंधन की यह स्थिति है, आपस में लड़ रहे हैं तो इनके हाथों में देश और प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित होगा।
दरअसल, अखिलेश यादव ने एक दिन पहले गुरुवार को यूपी के सीतापुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मप्र में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पहले हमारे नेताओं के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री स्तर के नेताओं ने लंबी बैठक कर हमारा पूरा डाटा लिया। मुझे पता होता कि कांग्रेस के लोग धोखा देंगे तो मैं उनकी बात का भरोसा ही नहीं करता। मुझे बताया गया कि छह सीटों पर आपके लिए सोचा गया है, लेकिन उन्होंने सपा के लिए एक भी सीट नहीं छोड़ी। अगर हमें पता होता कि गठबंधन प्रदेश स्तर पर नहीं होना है तो उस पर विचार करता। उन्होंने कांग्रेस के बड़े नेताओं से कहा कि अपने प्रदेश के छोटे और चिरकुट नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर अंकुश लगाएं।
मुख्यमंत्री चौहान ने अखिलेश के इसी बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा जारी की गई दूसरी सूची पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ टिकट कमलनाथ तो, कुछ टिकट दिग्विजय सिंह ले गए। बाकी हाथ मलते रह गए। अब आपस में ही लड़ाई मची हुई है। विरोध हो रहा है, पुतले जल रहे हैं। एक अपने पुत्र को स्थापित कर रहा है, दूसरा अपने पुत्र को स्थापित कर रहा है। दुर्गति कांग्रेस के अंदर भी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
