रायपुर। कांग्रेस ने झूठी शिकायत करने के लिये चुनाव आयोग के समक्ष भाजपा की शिकायत दर्ज किया है। प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने चुनाव आयोग को भेजी शिकायत में कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार के द्वारा गंगाजल पर जीएसटी लगाया जाता है। इस तथ्य को छुपाने के लिये चुनाव आयोग के नाम का दुरुपयोग किया है तथा गलत शिकायत कर समाचार माध्यमों में खबर छपाया है।
शनिवार को प्रदेश के विभिन्न समाचार पत्रों में खबर छपी है कि मुख्यमंत्री भूपेश ने गंगाजल पर जीएसटी लगाया है, यह गलत प्रचारित किया है तथा भाजपा ने इस संबंध में चुनाव आयोग को शिकायत की है।
केंद्र सरकार डाक विभाग के माध्यम से जो गंगाजल की बिक्री करता है उसके 35 रुपये के बोटल में 18 प्रतिशत जीएसटी जुड़ी रहती है। इस आशय का आदेश मिनिस्ट्री ऑफ कम्यूनिकेशन के डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट के जनरल मैनेजर ( बीडी) के परिपत्र 11 मई 2016 बीडी&एमडी में साफ है यह परिपत्र उत्तराखंड सर्कल के ईमेल डेट 10 अगस्त 2023 के संबंध में जारी हुआ है। इसके परिपत्र के बिंदु 3 में स्पष्ट है कि गंगाजल के 35 रुपये के फिक्स रेट वाले बोतल में 18 प्रतिशत जीएसटी जुड़ा है।
इस आदेश के बाद भाजपा अपनी केंद्र सरकार की कारगुजारी पर पर्दा डालने झूठी शिकायत कर चुनाव आयोग के नाम का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग में झूठी शिकायत और भ्रम फैलाने के लिये भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
