रांची। चारा घोटाला के सजायाफ्ता बंदी रवि नंदन सिन्हा उर्फ रवि कुमार सिन्हा (60) की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में हृदयाघात से मौत हो गयी। वह होटवार जेल के वार्ड नंबर-15 में बंद थे। वह मंगलवार की रात 11:30 बजे सभी से बातचीत करने और टीवी देखने के बाद सो गये थे। बुधवार को आवाज देने के बाद भी वह नहीं जागे। जेल प्रशासन ने जेल अस्पताल के चिकित्सक से उनकी जांच करायी। फिर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद जेल प्रशासन ने खेलगांव थाना में यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के रिम्स भेज दिया। वह पटना के सत्यम शिवम नॉर्थ पटेल नगर, थाना पाटलिपुत्र के निवासी थे। इसकी सूचना उनके परिजनों को भी दी गयी है। उसके बाद उनके परिजन भी रांची पहुंच गये। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उनके परिजनों को सौंपा जायेगा।
उल्लेखनीय है कि रवि कुमार चारा घोटाला के कांड संख्या आरसी-48 ए / 96 के सजायाफ्ता थे। उन्हें एक सितंबर को चार साल की सजा सुनायी गयी थी और 10 लाख जुर्माना लगाया गया था। वह मेसर्स ए ट्रेडर्स,पटेल नगर पटना के प्रोपराइटर थे। जेल प्रशासन का कहना है कि उन्हें कोई बीमारी भी नहीं थी। क्योंकि यदि बीमार होते, तो उन्हें जेल अस्पताल में रखा जाता।
tweet Follow @@IndoAsianTimeshttps://indoasiantimes.com/index.php/news-23626/
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
