नई दिल्ली, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार दोपहर 2.35 बजे चंद्रयान 3 मिशन का सफल प्रक्षेपण किया। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किये गए चंद्रयान 3 मिशन की सफलता पर केन्द्रीय मंत्रियों ने इसरो को बधाई दी है।
चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग कार्यक्रम में मौजूद केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत के लिए गौरव का क्षण। उन्होंने कहा कि श्रीहरिकोटा में मौजूद हर एक भारतीय के लिए ऐतिहासिक लम्हा है। हम इस इतिहास का हिस्सा बने हैं। जितेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र को अनलॉक और सक्षम करके इसे संभव बनाया है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ट्वीट करके कहा कि गौरव का क्षण है। चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण पर टीम इसरो को बधाई। ये खास पल हमेशा याद रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज हर भारतीय को बेहद गर्व है।राष्ट्र की स्मृति में हमेशा के लिए अंकित होने वाला एक ऐतिहासिक दिन है।
केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट करके इसरो को बधाई देते हुए कहा कि यह न्यू इंडिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर भारतीय में जो विश्वास का संचार किया है, वह वास्तव में उल्लेखनीय है। उनके नेतृत्व में, हमारे लक्ष्यों और महत्वाकांक्षाओं के लिए आकाश भी सीमा नहीं है। हर भारतीय को इन उपलब्धियों पर गर्व है। टीम को मेरी शुभकामनाएं।
साभार – हिस
Posted by: Desk, Indo Asian Times
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
