
इण्डो एशियन टाइम्स,नई दिल्ली,
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को यमुना के बढ़ते जल स्तर पर पत्र लिखा है। इसमें मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया है कि हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी सीमित गति से छोड़ा जाए ताकि बाढ़ जैसे हालात ना बने।
अपने पत्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तेज वर्षा नहीं हो रही है। ऐसे में यमुना का जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी है। केजरीवाल ने कहा कि सेंट्रल वाटर कमीशन के अनुसार आज रात में यमुना का जल स्तर 207.72 मीटर पहुंच जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और कुछ ही समय में यहां जी-20 सम्मेलन भी होना है। ऐसे में दिल्ली में बाढ़ से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। इसे देखते हुए हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की गति सीमित कर दी जाए तो राजधानी में बाढ़ का खतरा टल सकता है।
साभार -हिस
Posted by: Desk, Indo Asian Times
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
