भोपाल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को दोपहर में मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर राजगढ़ पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका आत्मीय स्वागत कर अगवानी की। केन्द्रीय मंत्री सिंह यहां राजगढ़ जिले में आयोजित ‘किसान कल्याण महाकुंभ’ में शामिल होंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वायुसेना के विमान से दोपहर करीब पौने दो बजे यहां पहुंचे। उनके मध्य प्रदेश आगमन पर मुख्यमंत्री चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद वे राजगढ़ जिले के मोहनपुरा डेम के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की पवित्र धरती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आत्मीय स्वागत किया और इस अवसर पर किसान कल्याण महाकुम्भ के विषय में सार्थक चर्चा हुई।
रक्षा मंत्री सिंह यहां मुख्यमंत्री चौहान के साथ मोहनपुरा डेम पर आयोजित इस किसान-कल्याण महाकुम्भ में किसानों को बड़ी सौगात देंगे। इसमें किसानों के खाते में 6423 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की जाएगी। महाकुंभ में 11,378 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण होगा।
मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार-पत्र 1869 हितग्राहियों को वितरित किये जाएंगे। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना सम्मेलन भी होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री चौहान 8481 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मोहनपुरा-कुंडालिया प्रेशराइज्ड पाइप सिंचाई प्रणाली परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
