नई दिल्ली,केन्या के सर्वोच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मार्था के कूमे, ईजीएच के नेतृत्व में सर्वोच्च न्यायालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
राष्ट्रपति भवन में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि केन्या एक ऐसा देश है जिसके साथ भारत के सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। भारत को केन्या का विकास भागीदार होने पर गर्व है। भारत केन्या की नई सरकार के साथ उच्च स्तरीय राजनीतिक जुड़ाव की परंपरा को बनाए रखने के लिए उत्सुक है। दोनों देशों को द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को और मजबूत करने के लिए भी मिलकर काम करना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायमूर्ति कूमे केन्याई सर्वोच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश हैं। राष्ट्रपति ने केन्या में न्याय को सभी के लिए सुलभ बनाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मुख्य न्यायाधीश कूमे के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारस्परिक रूप से लाभप्रद क्षेत्रों में लंबे समय से चले आ रहे भारत-केन्या मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत किया जाना चाहिए।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
