मुंबई, ठाणे जिले के नौपाड़ा इलाके में निर्माण के लिए नींव खोदते समय अचानक मिट्टी ढहने से तीन मजदूर दब गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने जब तक इन्हें निकाला तब तक दो मजदूराें की मौत हो गई। इस घटना में एक मजदूर घायल हो गया, जिसे ठाणे के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना की जांच नौपाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस के अनुसार ठाणे के नौपाड़ा बी केबिन इलाके में सावत होटल के पास सत्यनीलम सोसायटी के पुनर्विकास का काम चल रहा है। यहां जेसीबी की मदद से इमारत की नींव खोदने का काम शुरू हुआ था। शुक्रवार को यहां मिट्टी के ढेर हटाते समय मिट्टी का एक हिस्सा ढहने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचे और मौके पर ढही मिट्टी को हटाकर तीन मजदूरों को निकाल लिया। तीनों को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे में दोनों मजदूर हबीब बाबू शेख और रंजीत की मौत हो गई, जबकि घायल मजदूर निर्मल रामलाल राब (49) की स्थिति गंभीर बनी हुई है। नौपाड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और आगे की जांच चल रही है।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
