नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर में आयोजित 108वीं राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस के उद्घाटन सत्र को मंगलवार को वर्जुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। इस बार की विज्ञान कांग्रेस महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों की समावेशी भागीदारी के साथ सतत विकास पर केंद्रित होगी। इस वर्ष विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘महिला सशक्तिकरण के साथ सतत विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी’ है।
इस वर्ष भारतीय विज्ञान कांग्रेस में कुछ अनूठी पहल की गई है। इसमें ‘बाल विज्ञान कांग्रेस’ होगी। पूर्ण सत्र में अंतरिक्ष, रक्षा, आईटी और चिकित्सा अनुसंधान सहित विभिन्न प्रकार के क्षेत्रों में नोबेल पुरस्कार विजेता, प्रमुख भारतीय और विदेशी शोधकर्ता व विशेषज्ञ और टेक्नोक्रेट शामिल होंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्वपूर्ण योगदान को प्रदर्शित करने के लिए ‘प्राइड ऑफ इंडिया’ एक प्रमुख आकर्षण होगा।
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, डॉ जितेंद्र सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य गणमान्य व्यक्ति इसमें शामिल होंगे। यह कार्यक्रम राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के अमरावती रोड परिसर में आयोजित किया जाएगा।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
