नई दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए शनिवार को लंदन, यूनाइटेड किंगडम (यूके) की यात्रा पर रवाना हो गईं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार पिछले 70 साल के महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के शासनकाल में भारत-ब्रिटेन के संबंध अत्यधिक विकसित, फले-फूले और मजबूत हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन की पूर्व राष्ट्राध्यक्ष और राष्ट्रमंडल राष्ट्र की प्रमुख महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 08 सितंबर 2022 को निधन हो गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्वीन एलिजाबेथ के निधन पर शोक व्यक्त किया था।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारत की संवेदना व्यक्त करने के लिए 12 सितंबर 2022 को नई दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग का दौरा किया था। भारत में उनके सम्मान में 11 सितंबर को राष्ट्रीय शोक का दिन भी रखा गया था।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
