कोलकाता,भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली के इस्तीफे संबंधी अफवाहों पर विराम लगाते हुए उनकी व्यक्तिगत सहायिका (पीए) तानिया भट्टाचार्य ने कहा है कि सौरव गांगुली ने ना तो बीसीसीआई से इस्तीफा दिया है और ना ही इस्तीफा देने का उनका कोई इरादा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दादा का राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है।
बुधवार शाम के समय सौरव गांगुली ने ट्विटर पर लिखा था कि वह नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उसके बाद से ही इस बात की भी चर्चा होने लगी थी कि गांगुली ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है और वे किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि उनके करीबी सूत्रों ने बताया है कि गांगुली गरीब बच्चों के मुफ्त पठन-पाठन और खेल आदि के प्रशिक्षण के लिए कुछ करने जा रहे हैं। उनका इशारा इसी ओर था।
उनकी पीए तानिया से जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आपको दादा के अगले कदम के बारे में इंतजार करना होगा। वह खुद ही इस बारे में जानकारी देंगे। उन्होंने दोबारा दोहराया कि ना तो वह बीसीसीआई पद से इस्तीफा दे रहे हैं और ना ही राजनीति में कदम रख रहे हैं।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
