नई दिल्ली, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पांच राज्यों में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि विकास के मुद्दे पर जनता ने मुहर लगाई है।
अनुराग ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा ने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जिसका जनता ने स्वागत किया है। उनकी पार्टी विकास, सुशासन, गांव, गरीब सहित किसानों के लिए काम करती रही है और भविष्य में भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कोरोना जैसे विश्वव्यापी संकट में भी देश के नागरिकों के साथ खड़ी रही। जब यूक्रेन और रूस से युद्ध शुरु हुआ तो भारत सरकार ने अपने नागरिकों को यूक्रेन से निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत 21,790 भारतीय छात्रों को स्वदेश लाया।
अनुराग ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान युवाओं में भ्रम फैलाने का काम किया लेकिन राज्य के युवा मजबूती से भाजपा के साथ खड़े रहे और पुन: एक बार ईमानदार सरकार को मौका दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में केन्द्र और राज्य की योजनाएं आम जनता तक पहुंची हैं। जिससे जनता भाजपा से संतुष्ट है। इसी लिए आज जनता से भाजपा के विकास पर मुहर लगाई है।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
