हरिद्वार, गंगनहर के किनारे सेल्फी ले रहे मेरठ और बागपत के दो युवक संदीप और भरत गंगनहर नहर में गिर कर लापता हो गए। घटना जिले के रुड़की के सोलानी पार्क क्षेत्र में हुई। उनके साथ उनके दो दोस्त और भी थे, जिनसे पुलिस घटना की जानकारी ले रही है। सूचना पर परिजन भी कोतवाली पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त मसूरी घूमने जा रहे थे।
22 वर्षीय संदीप निवासी बागपत, 21 वर्षीय भरत निवासी मेरठ अपने दो दोस्तों 21 वर्षीय अभिषेक और 45 वर्षीय राकेश निवासी बागपत के साथ शुक्रवार सुबह कार से मसूरी घूमने जा रहे थे। रुड़की पहुंचने पर सभी लोग कार से गंगनहर पटरी पर सोलानी पार्क के पास पहुंचे और यहां पर सभी दोस्त गंगनहर किनारे सेल्फी रहे थे। इसी दौरान अचानक संदीप और भरत का पैर फिसल गया, जिससे दोनों दोस्त पानी के तेज बहाव में बह गए। दोस्तों को गंगनहर में डूबता देख अभिषेक और राकेश ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल पाया।
हादसे की सूचना सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दी गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंगनहर में डूबे दोनों युवकों की तलाश शुरू की। हादसे की सूचना मिलते ही सभी के परिजन रुड़की पहुंचे और पुलिस से मामले की जानकारी ली। मामले पर सिविल लाइन कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि गंगनहर में डूबे युवकों की तलाश के लिए मोटर बोट और गोताखोर लगाए गए हैं।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
