नई दिल्ली, छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने सोमवार को यहां ‘संगवारी छत्तीसगढ़’ विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया। यह देश की राजधानी में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड का नया विक्रय केंद्र है।
लोक कल्याण मार्ग स्थित संतुष्टि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थित विक्रय केंद्र में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा खादी शूटिंग वस्त्र, खादी सर्टिंग वस्त्र, खादी गमछा, खादी जैकेट, खादी कुर्ता, खादी पजामा, खेस चादर, कोसा साड़ी, कोसा कुर्ती पीस, जुट पर्स और बांस की बनी सिनरी, मिट्टी के प्रिंटेड थाली सेट और हर्बल सामग्रियों का विक्रय किया जायेगा।
राजेंद्र तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि क्रय केंद्र के खुल जाने से छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग के उत्पाद अब दिल्लीवासियों को ओर सहजता से सुलभ होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने कोरोना काल की विषम परिस्थिति में भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में अपनी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई है और ग्रामीणों की आजीविका का साधन बना है।
छत्तीसगढ़ खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक रेखा शुक्ला ने बताया कि छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ग्रामीण अंचलों में रोजगार के अवसरों का सृजन कर ग्रामीणों में आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बुनकरों और कारीगरों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का बेहतर बाजार उपलब्ध कराता है। इसी कड़ी में संगवारी छत्तीसगढ़ नाम से यह विक्रय केंद्र देश की राजधानी में अपनी नई पहचान बनायेगा।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सभा सांसद फूलो देवी नेताम और दिल्ली नगर निगम की पार्षद यासमिन किदवई भी उपस्थित थी।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
