मुंबई, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की आलोचना की है।राणे ने कहा कि उद्धव ठाकरे को न तो कानून का ज्ञान है और न ही वे सरकार चलाने में सक्षम हैं। वे अज्ञानी मुख्यमंत्री हैं। यह महाराष्ट्र का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है। इससे राज्य का नुकसान हो रहा है।
नारायण राणे ने शुक्रवार को मुंबई में पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से शिवसेना के 56 विधायक चुने गए थे, लेकिन उन्होंने सिर्फ मुख्यमंत्री बनने के लिए भाजपा से गद्दारी की। मुख्यमंत्री बनने के बाद उद्धव मंत्रालय जाते ही नहीं। सिर्फ मातोश्री बंगले में बैठकर किस तरह का काम कर रहे हैं, यह सबको पता है। राणे ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे बहुत लाचार हो गए हैं। शरद पवार को सोनिया गांधी ने पार्टी से निकाल दिया था। शिवसेना के मुखपत्र में शरद पवार को निम्न स्तर पर आरोप लगाए थे, लेकिन अब लाचार शरद पवार कांग्रेस एवं शिवसेना के साथ हैं।
केंद्रीय मंत्री राणे ने कहा कि शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत हमेशा केंद्र सरकार पर सवाल खड़ा करते हैं। दिल्ली में 303 सांसद सिर्फ भाजपा के हैं, दिल्ली पर अगर सवाल खड़ा करेंगे तो उनकी खैर नहीं। राणे ने संजय राऊत को चुनौती दी कि कल उनको भी भाजपा में शामिल होना पड़ सकता है, इसलिए सोच-समझ कर बात करें। राणे ने कहा कि दादरा एवं नगर हवेली संसदीय सीट जीतने का पूरा श्रेय कला बेन डेलकर को है। शिवसेना नाहक इसे अपनी विजय बता रही है।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
