गोपेश्वर, बदरीनाथ हाइवे पिछले दो दिनों से सुचारू रूप से चल रहा है, लेकिन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग जोशीमठ-मलारी तमक नाले के पास अभी भी अवरुद्ध चल रहा है जिसे खोलने का कार्य जारी है। साथ ही जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण अभी भी 61 लिंक मोटर मार्ग अवरुद्ध चल रहे है।
आपदा परिचालन केंद्र चमोली की जानकारी के अनुसार जिले में जल संस्थान की कर्णप्रयाग, थराली और गैरसैंण के अंतर्गत 67 पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं, जिसमें से 44 पर अस्थाई रूप से पेयजल सुचारू किया गया है जबकि 23 लाइनों पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसी प्रकार थराली 33 केवी विद्युत लाइन पर तकनीकी खराबी आने के कारण नारायणबगड क्षेत्र के 21 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित चल रही है। बताया गया कि इन गांवों की विद्युत आपूर्ति सुचारू किये जाने का कार्य चल रहा है। संभवतः रविवार सायं तक विद्युत सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
