नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को अंतरिक्ष और उपग्रह कंपनियों के संगठन भारतीय अंतरिक्ष संघ (इस्पा) का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारतीय अंतरिक्ष संघ (इस्पा) का शुभारंभ करेंगे। वह इस ऐतिहासिक अवसर पर अंतरिक्ष उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारतीय अंतरिक्ष संघ (इस्पा) अंतरिक्ष और उपग्रह कंपनियों का प्रमुख उद्योग संघ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को प्रतिध्वनित करते हुए इस्पा भारत को तकनीकी रूप से उन्नत और अंतरिक्ष क्षेत्र में एक अग्रणी बनाने में मदद करेगा।
इस्पा का प्रतिनिधित्व अंतरिक्ष और उपग्रह प्रौद्योगिकियों में उन्नत क्षमताओं वाले प्रमुख घरेलू और वैश्विक निगमों द्वारा किया जाता है। इसके संस्थापक सदस्यों में लार्सन एंड टुब्रो, नेल्को (टाटा ग्रुप), वनवेब, भारती एयरटेल, मैपमायइंडिया, वालचंदनगर इंडस्ट्रीज और अनंत टेक्नोलॉजी लिमिटेड शामिल हैं। अन्य प्रमुख सदस्यों में गोदरेज, ह्यूजेस इंडिया, अजिस्ता-बीएसटी एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड, बीईएल, सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स और मैक्सार इंडिया शामिल हैं।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
